
Gold Price Today: अक्षय तृतीया से ठीक पहले सोने की कीमतों में आई तेजी पर ब्रेक लग गया है और बाजार में गिरावट देखने को मिली है। 18 अप्रैल की सुबह दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव घटकर 1,54,340 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 1,54,190 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।
इससे एक दिन पहले दिल्ली सराफा बाजार में सोना करीब 1,600 रुपये यानी 1.01% तक सस्ता होकर 1,56,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया है, जिसे सोना खरीदने के लिए शुभ माना जाता है, लेकिन उससे पहले कीमतों में नरमी देखने को मिल रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने के दाम सीमित दायरे में बने हुए हैं। स्पॉट गोल्ड करीब 4,786.90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है।
बाजार फिलहाल सतर्क रुख में है, क्योंकि भूराजनीतिक हालात को लेकर अभी पूरी स्पष्टता नहीं है। हालांकि, हाल ही में इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिन के सीजफायर पर सहमति बनी है, जो भारतीय समयानुसार गुरुवार देर रात से लागू हो चुका है। इसके अलावा अमेरिका और ईरान के बीच भी तनाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इन वैश्विक संकेतों के कारण सोने की कीमतों में तेजी सीमित रही और फिलहाल गिरावट का रुख बना हुआ है।