
दिल्ली के गाजीपुर इलाके में क्राइम ब्रांच ने नकली इंजन ऑयल बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 700 लीटर फर्जी ऑयल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि गाजीपुर के गढ़ौली गांव में कुछ लोग नामी कंपनियों के नाम पर नकली इंजन ऑयल तैयार कर रहे हैं। इसके बाद 16 अप्रैल को छापेमारी कर इस अवैध यूनिट का भंडाफोड़ किया गया।
इस मामले में राकेश कुमार छाबड़ा और कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी लंबे समय से नकली ऑयल बनाकर बाजार में सप्लाई कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 28 कैन (हर एक में 20 लीटर) और 140 बोतलों में भरा नकली इंजन ऑयल बरामद किया। इसके अलावा 550 से अधिक खाली बोतलें, स्टिकर, कूपन, सीलिंग मशीन, ड्रम, फनल और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी सस्ते तेल को मिलाकर उसे Castrol, Yamaha, Hero और Bajaj जैसे बड़े ब्रांड्स के नाम पर पैक कर बाजार में बेचते थे।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी राकेश छाबड़ा पहले कुरुक्षेत्र में कपड़ों का कारोबार करता था, जो कोरोना काल में बंद हो गया। इसके बाद वह दिल्ली आकर इस अवैध धंधे में शामिल हो गया।