
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। महज 15 साल की उम्र में यह बाएं हाथ का बल्लेबाज बड़े-बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ खेलते हुए खूब रन बना रहा है। इस सीजन में वह अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों में शामिल हैं और ऑरेंज कैप की दौड़ में भी बने हुए हैं।
अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले वैभव का आत्मविश्वास भी काफी ऊंचा है। उनका कहना है कि अगर वह क्रीज पर टिककर अपनी शैली में बल्लेबाजी करें, तो विरोधी टीम मुकाबले से बाहर हो सकती है।
‘दूरदर्शन स्पोर्ट्स’ से बातचीत में वैभव ने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य सीनियर टीम में जगह बनाना है। वहीं, पूर्व क्रिकेटर सबा करीम ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि वैभव सूर्यवंशी में सचिन तेंदुलकर से भी ज्यादा पावर नजर आती है।
अभी आधा सपना पूरा हुआ
वैभव सूर्यवंशी ने कहा, “जब तक मैं क्रीज पर रहता हूं और अपने खेल पर हावी रहता हूं, तब तक मैच का रुख बदल सकता है। मैंने इस बारे में अपने पिता से भी बात की थी। उन्होंने कहा कि अभी मेरा आधा सपना पूरा हुआ है और आधा अभी बाकी है।”
उन्होंने आगे कहा, “हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह भारत के लिए खेले और वर्ल्ड कप जीते। मेरा पूरा फोकस इसी पर है कि मैं सीनियर टीम इंडिया के लिए खेलूं और देश को जीत दिलाऊं।”