
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस और द्रमुक (DMK) पर महिला आरक्षण विधेयक को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने संसद में महिलाओं के आरक्षण से जुड़े संशोधन विधेयक को पारित नहीं होने दिया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसे लागू करने से कोई ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प का जिक्र करते हुए भरोसा दिलाया कि महिलाओं को उनका अधिकार जरूर मिलेगा।
तेनकासी जिले में भाजपा उम्मीदवार आनंदन अय्यासामी के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने द्रमुक सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए और जनता से उसे सत्ता से हटाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि संसद, विधानसभा और परिषदों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए सरकार ने विधेयक पेश किया था, लेकिन द्रमुक, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और वाम दलों ने इसका विरोध किया।
राजनाथ सिंह ने दोहराया कि सरकार इस दिशा में दृढ़ है और महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करके ही रहेगी।