
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सोमवार (20 अप्रैल 2026) को सपाट रही, लेकिन इसके बाद हल्की तेजी देखने को मिली। बाजार को बैंकिंग शेयरों में खरीदारी का सपोर्ट मिला, जिससे इंडेक्स में मजबूती आई।
बीएसई सेंसेक्स 78,632 के स्तर पर खुला, जबकि पिछले सत्र में यह 78,493.54 पर बंद हुआ था। सुबह करीब 9:30 बजे सेंसेक्स 166 अंक की बढ़त के साथ 78,659.85 पर कारोबार करता नजर आया।
वहीं, एनएसई का निफ्टी-50 24,391.50 पर खुला और शुरुआती कारोबार में मामूली तेजी के साथ 24,393 के आसपास ट्रेड करता दिखा।
इस बीच, पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की खबरें सामने आई हैं। ओमान की खाड़ी में अमेरिकी नौसेना द्वारा ईरान के झंडे वाले एक कार्गो जहाज को जब्त किए जाने के बाद स्थिति फिर से संवेदनशील हो गई है। इससे पहले ईरान द्वारा होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुजर रहे जहाजों पर गोलीबारी की घटनाएं भी सामने आई थीं।
ग्लोबल मार्केट्स की बात करें तो एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख देखा गया। जापान का निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी क्रमशः करीब 0.99% और 1.10% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। हालांकि ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी एएसएक्स 200 हल्की गिरावट में रहा।
अमेरिकी बाजारों में भी मजबूती देखने को मिली। एसएंडपी 500 और डॉव जोन्स फ्यूचर्स क्रमशः 1.79% और 1.20% ऊपर रहे, जबकि नैस्डैक कंपोजिट 1.52% की बढ़त के साथ बंद हुआ।