
नोएडा/गौतम बुद्ध नगर। मजदूर आंदोलन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पाकिस्तान से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए माहौल भड़काने की कोशिश की गई। दो अकाउंट लगातार सक्रिय थे, जिनकी वजह से 13 अप्रैल को स्थिति हिंसा में बदल गई।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बताया कि जांच में इस मामले में पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आया है और इसके ठोस सबूत भी मिले हैं।
उन्होंने कहा कि अब पिछले दो दिनों से हालात सामान्य हैं। पुलिस ने फ्लैग मार्च कर स्थिति को नियंत्रित किया और औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूर फिर से काम पर लौट आए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 13 अप्रैल को हुए हंगामे के बाद सोशल मीडिया पर झूठी खबरें फैलाई गईं, जिनमें फायरिंग में मजदूरों की मौत की अफवाह भी शामिल थी, जिससे माहौल दोबारा बिगड़ने लगा।
इस मामले में सेक्टर-20 थाने में दो सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच में पता चला कि ये अकाउंट पाकिस्तान से चलाए जा रहे थे और वीपीएन का इस्तेमाल कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि न्यूनतम वेतन बढ़ाने के सरकारी फैसले से मजदूर संतुष्ट हैं और सामान्य कामकाज शुरू हो गया है।
पुलिस आयुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।