कनावनी की झुग्गी बस्ती में भीषण आग, 22 फायर टेंडरों ने पाया काबू; टला बड़ा हादसा

Spread the love

गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी गांव में गुरुवार दोपहर करीब 12:17 बजे झुग्गी-झोपड़ियों की एक बड़ी बस्ती में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही वैशाली, साहिबाबाद और कोतवाली फायर स्टेशन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए मोदीनगर और लोनी से अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए और गौतम बुद्ध नगर से भी मदद ली गई।

मौके पर पहुंचने तक आग पूरी बस्ती में फैल चुकी थी। तेज हवा के कारण लपटें तेजी से फैल रही थीं और झोपड़ियों में रखे गैस सिलेंडरों में धमाके हो रहे थे, जिससे हालात और गंभीर हो गए।

फायर कर्मियों ने चारों ओर से पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब 22 फायर टेंडर, नगर निगम के हाई प्रेशर टैंकर और अन्य अतिरिक्त गाड़ियों की मदद से दोपहर करीब 2 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।

इसके बाद भी मलबे के नीचे सुलग रही आग को बुझाने और गर्म जगहों को ठंडा करने का काम जारी रखा गया।

घटना के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, फायर सर्विस, सिविल डिफेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रहीं और मिलकर राहत एवं बचाव कार्य किया।

लगातार चलाए गए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं मिली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस आग में 125 से ज्यादा झुग्गियां, स्क्रैप गोदाम और एक डॉग शेल्टर जलकर खाक हो गए। नुकसान का सही आंकलन करने के लिए सर्वे कराया जा रहा है।

फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। शाम करीब 4 बजे तक आग पूरी तरह बुझा दी गई, हालांकि कूलिंग का काम जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है तथा क्षेत्र में शांति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *