‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच केदारनाथ धाम के कपाट खुले

Spread the love

भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही केदारनाथ यात्रा 2026 का औपचारिक शुभारंभ हो गया है।

इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचे और पूजा-अर्चना में शामिल हुए। रुद्रप्रयाग स्थित मंदिर को कपाट खुलने से पहले बेहद भव्य तरीके से सजाया गया था। बताया जा रहा है कि करीब 51 क्विंटल फूलों से पूरे धाम को सजाया गया, जिससे मंदिर परिसर दिव्य नजर आया।

कपाट खुलने के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से भी पूजा की। वहीं कड़क ठंड के बावजूद हजारों श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे और पूरा धाम ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।

अब 22 अप्रैल से अगले छह महीनों तक श्रद्धालु केदारनाथ धाम के दर्शन कर सकेंगे।

केदारनाथ कपाट खुलने पर PM मोदी का ट्वीट

केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी शुभकामनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में स्थित श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज पूरे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि केदारनाथ धाम और चारधाम यात्रा भारत की आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। इन पवित्र यात्राओं के माध्यम से देश की सनातन संस्कृति की झलक देखने को मिलती है।

उन्होंने यह भी बताया कि चारधाम यात्रा के शुभारंभ पर उन्होंने उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कामना की कि बाबा केदार सभी भक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखें और सभी की यात्रा मंगलमय हो। अंत में उन्होंने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ अपना संदेश समाप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *