
दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में पुलिसकर्मी की बहादुरी का एक मामला सामने आया है, जहां हेड कांस्टेबल विक्रांत ने अपनी सतर्कता से एक हथियारबंद बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी आसिफ ने पुलिसकर्मी को देखते ही हवा में फायरिंग कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। लेकिन हेड कांस्टेबल विक्रांत ने बिना किसी मदद के उसका पीछा किया और आखिरकार उसे दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, 20 अप्रैल की रात करीब 2:25 बजे विक्रांत अपने निजी वाहन से मयूर विहार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान त्रिलोकपुरी-25 ब्लॉक स्थित कम्युनिटी बिल्डिंग के पास उन्हें एक युवक संदिग्ध हालत में हथियार के साथ दिखाई दिया।
जब उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने खुद को घिरा देख हवा में एक राउंड फायर किया और लाल रंग की स्कूटी पर भाग निकला। हालांकि, विक्रांत ने अकेले ही उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध देसी पिस्टल, एक कारतूस और स्कूटी बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और आगे की कार्रवाई जारी है।