
आजकल फिट रहने और वजन घटाने के लिए लोग अपनी डाइट में बदलाव कर रहे हैं। खासतौर पर सफेद चीनी (रिफाइंड शुगर) की जगह गुड़ को एक बेहतर विकल्प माना जा रहा है। लेकिन क्या वाकई गुड़ खाने से वजन नहीं बढ़ता? इस सवाल पर एक्सपर्ट्स की राय जानना जरूरी है।
दिल्ली के पीएसआरआई हॉस्पिटल की हेड डायटीशियन शालिनी ब्लिस के मुताबिक, गुड़ को चीनी से बेहतर जरूर माना जाता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इसे ज्यादा मात्रा में खाया जाए।
गुड़ को क्यों माना जाता है बेहतर?
गुड़ कम प्रोसेस्ड होता है और इसमें आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम जैसे जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं। वहीं, सफेद चीनी पूरी तरह रिफाइंड होती है और उसमें लगभग कोई पोषक तत्व नहीं होता। इसी वजह से लोग गुड़ को हेल्दी विकल्प समझते हैं।
ज्यादा गुड़ भी बढ़ा सकता है वजन
हालांकि, गुड़ और चीनी दोनों में कैलोरी लगभग समान होती है। दोनों में शुगर की मात्रा ज्यादा होती है, जो शरीर में जाकर ऊर्जा देती है। लेकिन अगर इसका सेवन ज्यादा किया जाए, तो यही अतिरिक्त ऊर्जा शरीर में फैट के रूप में जमा हो सकती है।
कैलोरी बैलेंस सबसे जरूरी
गुड़ धीरे-धीरे पचता है और ब्लड शुगर को अचानक नहीं बढ़ाता, जबकि चीनी तेजी से ग्लूकोज लेवल बढ़ाती है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि गुड़ को बिना लिमिट के खाया जा सकता है। वजन कंट्रोल करने के लिए कुल कैलोरी इनटेक पर ध्यान देना जरूरी है।
कितनी मात्रा सही है?
एक्सपर्ट्स के अनुसार, गुड़ का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। खासकर वजन कम करने वाले या डायबिटीज के मरीजों के लिए दिनभर में 1-2 छोटी चम्मच से ज्यादा गुड़ लेना सही नहीं माना जाता। साथ ही संतुलित डाइट और नियमित फिजिकल एक्टिविटी भी जरूरी है।